43 साल पुरानी 11 हजार केवी लाइन टूटी: करंट की चपेट से मजदूर की मौत; मेंटेनेंस पर उठे सवाल

उमरिया। दो वक्त की रोटी के लिए खेत में काम कर रहे आदिवासी मजदूर को क्या पता था कि सिर के ऊपर दौड़ रही बिजली की तार उसकी जान ले लेगी। रविवार सुबह अचानक 11 हजार केवी लाइन की तार टूट गई। करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा चंदिया थाना क्षेत्र के ग्राम रोझिन में हलफल नदी के पास हुआ। मृतक की पहचान 50 वर्षीय शंभु उर्फ टनटू बेगा के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत में काम करते समय टूटी बिजली की तार
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। शंभु खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसके ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी लाइन की तार टूट गई। तार के टूटते ही खेत में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से शंभु की मौत हो गई।

1983 में बिछाई गई थी लाइन
ग्रामीणों का दावा है कि रोझिन गांव से गुजर रही 11 हजार केवी विद्युत लाइन करीब 43 साल पुरानी है। यह लाइन वर्ष 1983 में स्थापित की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि समय-समय पर मेंटेनेंस के दौरान तारों में जोड़ लगाए जाते रहे हैं। इससे लाइन में कई जगह जोड़ बन गए हैं। उनका कहना है कि हादसे वाले दिन भी तार का एक जोड़ टूटने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हादसे के बाद विद्युत विभाग की मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी लाइन की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों ने लाइन को लेकर पहले भी शिकायतें किए जाने का दावा किया है। उनका सवाल है कि यदि लाइन जर्जर थी तो उसे पूरी तरह बदला क्यों नहीं गया।

कई खेतों के ऊपर से गुजर रही लाइन
हलफल नदी के ऊपर और आसपास कई खेत ऐसे हैं, जहां से 11 हजार केवी लाइन गुजर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ जगहों पर बिजली की लाइन काफी नीचे है। ऐसे में इन खेतों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। ग्रामीणों ने लाइन की ऊंचाई और स्थिति की जांच कराने की मांग की है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही चंदिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदिया भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यह भी स्पष्ट किया जाए कि बिजली लाइन की स्थिति क्या थी और इसके मेंटेनेंस में कोई लापरवाही हुई या नहीं।

Share