धार में जुआ-सट्टे पर पुलिस का एक्शन: 24 घंटे में 8 केस दर्ज; आरोपियों से हजारों रुपए जब्त; डही TI लाइन अटैच

धार। जुआ-सट्टे समेत अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सट्टे के 6 और जुए के 2 केस दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर हजारों रुपए की नकदी जब्त की गई।
क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को रोक ने के लिए एसपी ने डही थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप तड़वेला को लाइन अटैच कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद थाना स्तर पर अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही भी तय हो गई है।
संदिग्ध स्थानों की सूची तैयार, रात में गश्त बढ़ाई
एसपी सचिन शर्मा की मासिक समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ऐसे स्थानों को चिह्नित करना शुरू किया है, जहां पहले जुआ-सट्टा संचालित होने की शिकायतें या मामले सामने आए थे। इन स्थानों की सूची तैयार कर थाना स्तर पर लगातार निगरानी और सघन चेकिंग की जा रही है।
कार्रवाई की निगरानी की जिम्मेदारी एसडीओपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। एएसपी विजय डावर और एएसपी पारुल बेलारपुरकर के मार्गदर्शन में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश दी।
बदनावर में सट्टा लेते आरोपी पकड़ा
पुलिस के अनुसार बदनावर के अंबेडकर चौराहे पर सट्टा लेते हुए जीवन पिता भुवानसिंह मोगिया को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2,150 रुपए नकद बरामद हुए। बदनावर बस स्टैंड क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए शांतीलाल जाट को सट्टा लेते पकड़ा गया। उसके पास से 2,340 रुपए जब्त किए गए।
कुक्षी और राजोद में भी कार्रवाई
कुक्षी के कचहरी चौक से सुनील पिता आतु को सट्टा लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 2,330 रुपए नकद बरामद हुए। राजोद थाना क्षेत्र के बस स्टैंड से घनश्याम पिता बद्रीलाल पंवार को सट्टा लेते गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1,100 रुपए जब्त किए।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतगढ़ में जुआ खेलते हुए रवि पंवार, राजेश जादव, दीपक सिंधी, महेश बामनिया और नानुराम परमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 4,560 रुपए नकद बरामद किए गए। तिरला में जुआ खेल रहे चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर 1,400 रुपए जब्त किए गए।
कानवन में दो सटोरिए गिरफ्तार
कानवन थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई की। आयुष राठौर को सट्टा लेते हुए गिरफ्तार कर उसके पास से 1,100 रुपए, जबकि श्यामलाल परमार को सट्टा लेते हुए गिरफ्तार कर 810 रुपए नकद बरामद किए गए।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से जिले में जुआ-सट्टा संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।