|

कोलकाता पुलिस के DCP शांतनु सिन्हा विश्वास गिरफ्तार, सोना पाप्पू केस में ED का बड़ा एक्शन

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोना पाप्पू मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता पुलिस के उपायुक्त (DCP) शांतनु सिन्हा विश्वास को गिरफ्तार कर लिया है। केंद्रीय एजेंसी ने लंबी पूछताछ के बाद गुरुवार देर रात उन्हें हिरासत में लिया। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।

ईडी अधिकारियों के अनुसार, शांतनु सिन्हा विश्वास जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। गुरुवार सुबह से ही कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ED कार्यालय में उनसे पूछताछ शुरू हुई थी। करीब साढ़े 10 घंटे तक चली पूछताछ के बाद रात करीब 10 बजे उनकी गिरफ्तारी हुई।

सूत्रों के मुताबिक, ईडी इससे पहले भी कई बार शांतनु सिन्हा विश्वास को पूछताछ के लिए समन भेज चुकी थी, लेकिन वे लगातार पेश होने से बचते रहे। जांच एजेंसी ने उनके आवास पर तलाशी अभियान भी चलाया था। बताया जा रहा है कि कोलकाता और दिल्ली स्थित ED कार्यालयों की ओर से भी उन्हें विभिन्न मामलों में बुलाया गया था।

जांच एजेंसी का दावा है कि सोना पाप्पू और उसके करीबी लोगों के साथ शांतनु के कथित वित्तीय संबंधों के संकेत मिले हैं। वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार कारोबारी जय कामदार के पास से बरामद दस्तावेजों में भी शांतनु का नाम सामने आया था।

लगातार पूछताछ से बचने के कारण ईडी ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें। इससे पहले, पिछले महीने ईडी ने फर्न रोड स्थित उनके आवास पर छापेमारी भी की थी, जो सुबह से देर रात तक चली थी।

तलाशी अभियान के अगले दिन ईडी ने शांतनु और उनके दोनों पुत्रों सायंतन व मनीष को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे एजेंसी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए थे। इसके अलावा अप्रैल में बालू तस्करी मामले में भी उन्हें तलब किया गया था, हालांकि उस समय उनकी ओर से वकील ईडी कार्यालय पहुंचे थे।

सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद गुरुवार को शांतनु सिन्हा विश्वास ED कार्यालय पहुंचे, जहां देर रात पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

Share

Similar Posts