कॉलेज के बच्चों को इसरो सिखाएगा अंतरिक्ष की गूढ़ बातें, वीएसएससी ने निकाली इसरो में इंटर्नशिप की वेकेंसी, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई

अंतरिक्ष विज्ञान में रूचि रखनेवाले और इसरो के साथ काम करने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए इसरो एक सुनहरा मौका लाया है। इसरो ने युवाओं के लिए एक इंटर्नशिप की शुरुआत की है। यह उन युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो अंतरिक्ष विज्ञान, इंजीनियरिंग और रिसर्च के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहते हैं।
इसरो और वीएसएससी ने शुरू की इंटर्नशिप
(इसरो) के विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विद्यार्थियों के लिए यह इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया है। यह उन सभी विद्यार्थियों के लिए एकअच्छा अवसर है, जो अंतरिक्ष विज्ञान, इंजीनियरिंग और अनुसंधान के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव लेना चाहते हैं। चयनित छात्रों को वीएसएससी के गैर-गोपनीय क्षेत्रों में वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में काम करने का मौका मिलेगा।
यह छात्र कर सकेंगे अप्लाई
इस इंटर्नशिप के लिए बीटेक, बीई, बीएससी (भौतिकी और रसायन विज्ञान), बीएस-एमएस, इंटीग्रेटेड एमएससी, इंटीग्रेटेड एमटेक, एमई, एमटेक, एमएससी और पीएचडी के विद्यार्थी एलिजिबल होंगे। स्नातक स्तर के छात्रों का आवेदन के समय कम से कम चौथा सेमेस्टर पूरा होना चाहिए। वहीं, एमई, एमटेक और एमएससी के विद्यार्थियों के लिए प्रथम सेमेस्टर तथा पीएचडी विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम कार्य पूरा होना अनिवार्य है। आवेदन केवल उन विद्यार्थियों से स्वीकार किए जाएंगे, जो नियमित परिसर आधारित पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे हैं या जिन्होंने 14 फरवरी, 2025 के बाद अपना पाठ्यक्रम पूरा किया है।
सिर्फ भारतीय नागरिक करेंगे आवेदन
इंटर्नशिप के लिए सिर्फ वही आवेदन कर सकते है जो भारतीय नागरिक है। इसके सात ही उम्मीदवार के पास न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या 10 अंकों के पैमाने पर 6.32 सीजीपीए होना चाहिए। प्रत्येक डिग्री पाठ्यक्रम के दौरान विद्यार्थी केवल एक बार इंटर्नशिप कर सकते हैं। इंटर्नशिप के लिए चयन पूरी तरह वीएसएससी के निर्णय पर निर्भर करेगा। उपलब्ध प्रयोगशाला और अन्य सुविधाओं के आधार पर सीमित संख्या में विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को इसकी सूचना केवल ई-मेल के माध्यम से दी जाएगी।
45 दिन तक जारी रहेगी इंटर्नशिप
इंटर्नशिप की न्यूनतम अवधि 21 दिन और अधिकतम अवधि 45 दिन निर्धारित की गई है। इस दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार का स्टाइपेंड, मानदेय या वित्तीय सहायता नहीं दी जाएगी। आवेदन करते समय अभ्यर्थी अपनी अंकतालिका, तकनीकी कौशल, पूर्व प्रोजेक्ट, कार्य अनुभव तथा अन्य उपलब्धियों से संबंधित जानकारी पांच एमबी तक की एक पीडीएफ के रूप में अपलोड कर सकते हैं।
एक नवंबर, 2026 से इंटर्नशिप की शुरुआत होगी जो 31 जनवरी, 2027 तक जारी रहेगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 14 अगस्त, 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे और 14 सितंबर, 2026 को रात 11:59 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवार आधिकारिक लिंक vssc.gov.in/STUDENTS/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।