| |

जनसुनवाई में दिखा प्रेरक दृश्य: किसानों ने साफा पहनाकर कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति जताया आभार

इंदौर, 4 नवम्बर 2025।
इंदौर जिला प्रशासन की जनसुनवाई में आज एक अनूठा और प्रेरक दृश्य देखने को मिला। आमतौर पर जनसुनवाई में नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, लेकिन इस बार कुछ किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नहीं, बल्कि धन्यवाद व्यक्त करने पहुंचे।

सांवेर क्षेत्र से आए किसानों ने कलेक्टर श्री शिवम वर्मा का साफा पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। किसानों ने बताया कि कलेक्टर श्री वर्मा ने हाल ही में सांवेर कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर उनकी कई पुरानी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया था।

किसानों श्री पदम सिंह सोलंकी और विक्रम सिंह सोलंकी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मंडी प्रांगण की स्वच्छता, सस्ती भोजन व्यवस्था, विश्राम गृह की सुविधा और आरओ प्लांट बंद होने जैसी समस्याएं सामने आई थीं। कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्परता दिखाते हुए सभी मुद्दों का समाधान कराया — मंडी में सफाई करवाई, 5 रुपये में भोजन व्यवस्था शुरू की, विश्राम गृह में रुकने की सुविधा बहाल करवाई और आरओ प्लांट को चालू करवाया। किसानों की मांग पर खरीदी का समय भी बढ़ाया गया।

कलेक्टर की संवेदनशील कार्यशैली से प्रभावित होकर किसान आज जनसुनवाई में विशेष रूप से उनका अभिनंदन करने पहुंचे।
आज की जनसुनवाई में 250 से अधिक नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य और जिला पंचायत सीईओ श्री सिद्धार्थ जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकांश आवेदन पारिवारिक विवाद, भूमि कब्जे और रास्ता विवाद से संबंधित रहे, जिनका मौके पर निराकरण किया गया।

Share

Similar Posts