विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने भारत–अरब वाणिज्य, उद्योग और कृषि चैंबर का किया उद्घाटन

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कल राजधानी नई दिल्ली में भारत–अरब वाणिज्य, उद्योग और कृषि चैंबर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत और अरब जगत के बीच गहरे सभ्यतागत और ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत और अरब देशों के बीच व्यापार एवं निवेश संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग को और विस्तार देने की अपार संभावनाओं पर जोर दिया।
विदेश राज्य मंत्री ने चैंबर की स्थापना को भारत–अरब संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थागत पहल बताते हुए कहा कि यह मंच व्यापार, उद्योग और कृषि जैसे क्षेत्रों में नई साझेदारियों और निवेश अवसरों को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने चैंबर के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि इससे भारत–अरब व्यापार सहयोग और अधिक प्रगाढ़ होगा।
कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों के बीच आर्थिक सहयोग, आपसी निवेश, कृषि विकास और उद्योगिक साझेदारी जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि यह चैंबर भारत और अरब देशों के बीच रणनीतिक आर्थिक रिश्तों को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।






