| |

खराब मैदान के खिलाफ खिलाड़ियों का पैदल मार्च: कॉलेज से कलेक्टर कार्यालय पहुंचे; ट्रैक और सुविधाएं सुधारने की मांग

बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के छात्र-खिलाड़ियों ने मैदान की खराब हालत के विरोध में कॉलेज से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। खिलाड़ियों ने डिप्टी कलेक्टर शक्ति सिंह चौहान को ज्ञापन देकर मैदान ठीक कराने और खेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग की।

गड्ढों और पानी भरने से प्रैक्टिस में परेशानी
खिलाड़ियों ने बताया कि लंबे समय से मैदान की देखरेख नहीं हुई है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और बारिश में पानी भर जाता है। इससे दौड़ और अन्य खेलों का प्रैक्टिस करने में परेशानी होती है और चोट लगने का खतरा बना रहता है।

कई बार शिकायत की, लेकिन सुधार नहीं हुआ
छात्रों का कहना है कि उन्होंने पहले भी मैदान की समस्या अधिकारियों को बताई थी, लेकिन कोई ठोस काम नहीं हुआ। इस बार बड़ी संख्या में खिलाड़ी एक साथ अपनी मांग लेकर प्रशासन के पास पहुंचे।

खिलाड़ियों ने ये सुविधाएं मांगीं
खिलाड़ियों ने 400 मीटर रनिंग ट्रैक की सही लाइनें बनाने, मैदान सही कराने और पानी निकासी की अच्छी व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग शौचालय और स्नानघर, खेल सामान रखने के लिए स्टोर रूम और मैदान की देखभाल के लिए स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग भी रखी।

खिलाड़ियों ने कहा कि मैदान में निजी कार्यक्रम और वाहन पार्किंग होने से प्रैक्टिस प्रभावित होता है, इसलिए इस पर रोक लगाई जाए।

सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग
खिलाड़ियों ने मैदान की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बाउंड्री वॉल ऊंची करने और मैदान में CCTV कैमरे लगाने की मांग की, ताकि खिलाड़ी सुरक्षित माहौल में प्रैक्टिस कर सकें।

प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया
डिप्टी कलेक्टर शक्ति सिंह चौहान ने ज्ञापन लेने के बाद कहा कि खिलाड़ियों की मांगों पर विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ऐसा अच्छा मैदान चाहिए जहां वे बिना किसी परेशानी के अभ्यास कर सकें और जिले का नाम खेलों में आगे बढ़ा सकें।

 

Share