|

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनना अनुच्छेद-370 और राम मंदिर से कम नहीं: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “पश्चिम बंगाल में बीजेपी का आना अनुच्छेद-370, श्रीराम मंदिर, समान नागरिक संहिता (UCC) और CAA से कम नहीं है।” उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास, सुशासन और समृद्धि के नए दौर की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि “नया सवेरा, नया उत्साह, नई रफ्तार – पश्चिम बंगाल में आ गई है भाजपा सरकार।” मौर्य ने सीमावर्ती राज्य पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि कुछ वर्षों पहले तक असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनना ‘स्वप्न सरीखा’ माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने कठिन चुनौतियों को पार कर कई राजनीतिक किले फतह किए हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में पश्चिम बंगाल और असम में जनसंख्या संतुलन और घुसपैठ जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित धर्मनिरपेक्ष दल बदलते जनसांख्यिकीय संतुलन को सत्ता का माध्यम मानते रहे, लेकिन भाजपा ने सभी चुनौतियों का सामना करते हुए देशभर में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की है।

उन्होंने कहा कि आज “कच्छ से लेकर कोहिमा तक भाजपा का कमल खिला है” और देश के 21 राज्यों में भाजपा या NDA की सरकारें जनसेवा के नए मानक स्थापित कर रही हैं। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में दक्षिण भारत में भी भाजपा का विस्तार और मजबूत होगा।

Share

Similar Posts