आईटी विभाग की छापेमारी से दबाव में KEI Industries के शेयर, 3% तक लुढ़के

KEI Industries के शेयर गुरुवार को दबाव में नजर आए और कारोबार के दौरान करीब 3 प्रतिशत तक गिर गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयकर विभाग कंपनी के विभिन्न ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रहा है।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की यह कार्रवाई दिल्ली समेत करीब छह स्थानों पर जारी है। हालांकि कंपनी की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस बीच कंपनी ने हाल ही में वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए थे, जिनमें मजबूत प्रदर्शन देखने को मिला। मार्च तिमाही में कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर ₹3,476 करोड़ पहुंच गया, जो अनुमान से थोड़ा बेहतर रहा।
कंपनी की ग्रोथ में वायर्स एंड केबल्स सेगमेंट का बड़ा योगदान रहा, जहां 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं स्टेनलेस स्टील वायर कारोबार में 22 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। हालांकि ईपीसी बिजनेस लगभग स्थिर रहा।
कंपनी ने बताया कि राजस्व वृद्धि मुख्य रूप से कच्चे माल की ऊंची कीमतों के कारण वैल्यू-आधारित रही।
तिमाही के दौरान EBITDA 27 प्रतिशत बढ़कर ₹381 करोड़ पहुंच गया, जो बाजार अनुमान से बेहतर रहा। EBITDA मार्जिन 70 बेसिस पॉइंट बढ़कर 11.6 प्रतिशत हो गया। वहीं ग्रॉस मार्जिन 25.2 प्रतिशत पर पहुंच गया।
कंपनी का शुद्ध लाभ भी सालाना आधार पर 26 प्रतिशत बढ़कर ₹284 करोड़ रहा।
ब्रोकरेज फर्म Equirus Securities के मुताबिक मजबूत राजस्व वृद्धि के बावजूद वॉल्यूम ग्रोथ में कुछ कमजोरी रह सकती है। हालांकि वायर्स एंड केबल्स बिजनेस का मार्जिन Q2FY21 के बाद सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच गया।
सेगमेंट आधार पर वायर्स एंड केबल्स मार्जिन 140 बेसिस पॉइंट बढ़कर 12.4 प्रतिशत हो गया, जबकि स्टेनलेस स्टील वायर मार्जिन 9 प्रतिशत तक पहुंच गया। दूसरी ओर EPC कारोबार में दबाव बना रहा।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 21 प्रतिशत राजस्व वृद्धि दर्ज की, जो उसके 19-20 प्रतिशत के गाइडेंस से बेहतर रही। कंपनी की ऑर्डर बुक ₹3,585 करोड़ रही, जो तिमाही आधार पर 9 प्रतिशत और सालाना आधार पर 6 प्रतिशत कम है।






