महाकाल के दरबार में पहुंचीं कावेरी प्रियम, बोलीं- यहां की ऊर्जा अलौकिक

टेलीविजन अभिनेत्री कावेरी प्रियम मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचीं। इस दौरान वे पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आईं और मंदिर परिसर में कुछ समय तक ध्यानपूर्वक पूजा-अर्चना करती रहीं।
दर्शन के दौरान अभिनेत्री नंदी महाराज के समीप खड़ी होकर भगवान शिव के दर्शन करती दिखाई दीं। उन्होंने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और भक्ति भाव में डूबी रहीं।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में कावेरी प्रियम ने कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार महाकाल के दर्शन करने आ रही हैं। उन्होंने बताया, “यहां की ऊर्जा को शब्दों में बयां करना बेहद कठिन है। खासकर भस्म आरती के समय जो दिव्य शक्ति महसूस होती है, वह अलौकिक है। इसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि महाकाल मंदिर में आने से उन्हें मानसिक शांति मिलती है और हर बार उनका अनुभव बेहद खास रहता है।
अभिनेत्री ने मंदिर प्रशासन और व्यवस्था की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां दर्शन की व्यवस्था बेहद सुचारू है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती।
कावेरी प्रियम टेलीविजन इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्होंने नागिन 2, परदेस में है मेरा दिल और सावधान इंडिया जैसे धारावाहिकों से अपने करियर की शुरुआत की।
उन्हें ये रिश्ते हैं प्यार के में कुहू माहेश्वरी और जिद्दी दिल माने ना में डॉ. मोनामी महाजन के किरदार से खास पहचान मिली।
वर्तमान में वह दूरियां में मुख्य भूमिका निभा रही हैं, जहां वह सोनिया का किरदार निभा रही हैं।






