कट्टा लहराने का वीडियो वायरल: 15 मामलों के हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने दबोचा; देशी कट्टा व दो कारतूस जब्त
झाबुआ। सोशल मीडिया पर अवैध देशी कट्टा लहराकर वीडियो वायरल करने वाले एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हुई सक्रिय
पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई को सोशल मीडिया पर एक युवक का देशी कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने तत्काल आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर राणापुर रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी में कट्टा और कारतूस मिले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परबल उर्फ प्रबल उर्फ अश्वीन पिता जुवान सिंह मैड़ा (24) निवासी ग्राम बागनेरा, थाना कालीदेवी, हाल निवासी आमली फलिया एवं किशनपुरी, थाना कोतवाली, जिला झाबुआ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
![]()
15 मामलों का आरोपी, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 713/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला कायम किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न गंभीर अपराधों में पहले से 15 प्रकरण दर्ज हैं।
हथियारों के प्रदर्शन पर पुलिस की सख्ती
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।