कटनी में भाजपा विधायक की कंपनी से 1.5 करोड़ का फ्रॉड: सीनियर डायरेक्टर के नंबर से भेजा मैसेज; कोलकाता से निकाले पैसे

कटनी। भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से 1.5 करोड़ की साइबर ठगी हुई है। ठगी के लिए स्केमर ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के नंबर का इस्तेमाल किया। पूछताछ में ठगी की बात सामने आई। इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नंबर के कारण नहीं हुआ शक
घटना बुधवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच की है। कंपनी का नाम मैसर्स रामचंद्र फर्म है। ठगी के लिए सीनियर डायरेक्टर के नंबर का इस्तेमाल किया। अकाउंटेंट को WhatsApp पर रकम ट्रांसफर करने का मैसेज भेजा। वरिष्ठ अधिकारी के नंबर से मैसेज आने के कारण उसने 1.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
डायरेक्टर से बात करने पर हुआ खुलासा
अकाउंटेंट ने डायरेक्टर से इस बारे में बात की। उन्होंने ऐसा कोई भी मैसेज भेजने से मना किया। इसके बाद साइबर ठगी का खुलासा हुआ। घटना के समय संजय पाठक फ्लाइट में थे। शाम करीब 5 बजे फ्लाइट से उतरने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत एसपी अभिनय विश्वकर्मा से बात कर रंगनाथ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर टीम कर रही जांच
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच साइबर टीम को सौंप दी। ठगी की रकम कोलकाता में निकाली गई। पुलिस ने जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई थी, उस पर होल्ड लगवाया। कार्रवाई के दौरान करीब 16 लाख रुपये सुरक्षित कर लिए गए हैं।
बैंकिंग ट्रेल से आरोपियों तक पहुँचने की कोशिश
बाकी रकम के ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर टीम बैंकिंग ट्रेल और डिजिटल सबूत के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
शिकायत मिलते ही बैंक खाते को होल्ड कराया
एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि अकाउंटेंट शैलेश तिवारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत मिलते ही संबंधित बैंक खाते को होल्ड कराया गया। तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान होगी।