|

कटिहार सड़क हादसा: 13 लोगों की दर्दनाक मौत, बस–पिकअप टक्कर से मचा हाहाकार

बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। कोढ़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर हरदा से पूर्णिया जा रही तेज रफ्तार बस और सामने से आ रही पिकअप वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

हादसा इतना भयावह था कि टक्कर की चपेट में पास से गुजर रही दो मोटरसाइकिलें भी आ गईं। मौके पर ही 10 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का निर्देश दिया है।

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की सूची में कई स्थानीय लोगों के नाम शामिल हैं, जबकि एक व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और घायलों का इलाज पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में जारी है।

Share

Similar Posts