कश्मीर में आतंकी हमला: पुलिस कांस्टेबल को आतंकियों ने मारी गोली, इलाका सील

श्रीनगर। कश्मीर में अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में बुधवार दोपहर आतंकियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। गोलीबारी में 35 वर्षीय हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वह अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात थे।
आतंकियों ने दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी घायल हुए। उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल ले जाया गया,। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली हमले की जिम्मेदारी
हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। घटना के तुरंत बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है।

गंभीर चोटों के चलते नहीं बच सकी जान
डॉक्टरों ने हेड कॉन्सटेबल को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 35 वर्षीय शहीद हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी (बेल्ट नंबर 20, आईआर 3rd बटालियन) बड़गाम के बीरू इलाके के रहने वाले थे।

सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरा
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अतिरिक्त बल मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बलों ने पूरे लाल चौक और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी। आतंकियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले में कितने आतंकी शामिल थे और वे किस दिशा में भागे। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की तलाश जारी है। जल्द ही इस हमले में शामिल दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद से पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।