कराची शॉपिंग प्लाजा अग्निकांड के 67 मृतकों में से 16 की हुई पहचान

पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कराची स्थित गुल शॉपिंग प्लाजा में हुए भीषण अग्निकांड में मारे गए 67 लोगों में से अब तक 16 मृतकों की पहचान हो सकी है। सभी 67 शवों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद सिंध के गवर्नर ने गुल प्लाजा त्रासदी की न्यायिक जांच कराने की मांग की है ताकि घटना की जिम्मेदारी तय की जा सके।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार कराची पुलिस सर्जन डॉ. सामिया सैयद ने बताया कि प्लाजा से बरामद सभी 67 शवों का पोस्टमार्टम कर लिया गया है। इनमें से 16 मृतकों की पहचान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि छह शवों की पहचान पहले ही हो गई थी, जबकि आठ पीड़ितों की पहचान डीएनए परीक्षण के माध्यम से की गई। एक शव की पहचान राष्ट्रीय पहचान पत्र से हुई, जबकि एक अन्य की पहचान गले में पहने लॉकेट के जरिए की गई।
वरिष्ठ दमकल अधिकारी जफर खान ने बताया कि प्लाजा के भूतल में दोबारा आग लग गई थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते उस पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा कि छत पर लगे डीजल टैंक को हटाने के दौरान उसमें आग लग गई थी, जिसे तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।
दमकल अधिकारी ने यह भी बताया कि आग के कारण इमारत का ढांचा बेहद कमजोर हो चुका है। फिलहाल केवल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे से अब किसी भी साबुत शव के मिलने की संभावना नहीं है, केवल कंकाल के अवशेष ही बरामद हो रहे हैं।






