कनाड़िया में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर हमला, तीन जवान घायल, चार आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में देर रात वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में धुत कार सवार युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चालान काटे जाने का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। इस पुरे घटनाक्रम में तीन जवान घायल हो गए। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार और रविवार की रात करीब 2 बजे कनाड़िया थाना पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार (MP13ZK1644) को रोककर चालक की जांच की गई। चालक राहुल गेहलोद नशे में पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसका चालान बनाया दिया।
थाने ले जाने की बात पर पुलिस पर हमला
चालान की कार्रवाई से नाराज राहुल और कार में सवार उसके साथी सुभाष चौहान, आशीष और संतोष पुलिस से बहस करने लगे। जब पुलिस ने वाहन को थाने ले जाने की बात कही तो चारों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए नौकरी से हटवाने की धमकी भी दी।
तीन पुलिसकर्मी हुए घायल
हमले में पुलिसकर्मी अशोक, किशोर सावलिया और विजय यादव घायल हो गए। तीनों के चेहरे और हाथ में चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पहले भी हो चुकी है पुलिस पर हमला
कनाड़िया थाना क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले करीब 500 करोड़ रुपये की जमीन से जुड़े विवाद में भी पुलिस टीम पर हमला हुआ था। उस मामले में दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे और बाद में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।