कांग्रेसियों की बॉल पर कैलाश विजयवर्गीय का चौका, विकेट के पीछे सज्जन वर्मा; मैदान में दिखी सियासी नोकझोंक

एक-दूसरे पर कटाक्ष और तीखे बयानों के लिए पहचाने जाने वाले प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा आज एक अलग ही अंदाज़ में आमने-सामने नजर आए। मौका था इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम द्वारा आयोजित मीडिया क्रिकेट सीजन-15 का, जहां खिलाड़ियों से परिचय के दौरान राजनीति का रंग भी मैदान में दिख गया।
मैच के दौरान कांग्रेस की ओर से गिरधर नागर ने बॉलिंग की, जबकि बैटिंग कर रहे थे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय। विकेट के पीछे सज्जन सिंह वर्मा ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। जैसे ही पहली गेंद फेंकी गई, कैलाश विजयवर्गीय ने उसे सीधे चौके के लिए बाउंड्री पार पहुंचा दिया, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों और पत्रकारों के बीच तालियां गूंज उठीं।
इस दिलचस्प पल ने मुकाबले को सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसमें सियासी तंज और हल्की-फुल्की नोकझोंक का तड़का भी लग गया। क्रिकेट के बहाने दोनों नेताओं के बीच मुस्कुराहट और व्यंग्य का आदान-प्रदान देखने को मिला, जिसने माहौल को और भी रोचक बना दिया।
मीडिया क्रिकेट सीजन-15 का यह दृश्य यह दिखाने के लिए काफी था कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता मैदान के बाहर भले तीखी हो, लेकिन खेल के मैदान पर वही नेता खेल भावना और हास्य के साथ एक-दूसरे का सामना करते नजर आ सकते हैं।






