साइकिल से हाई कोर्ट पहुंचे जस्टिस बंसल, पेट्रोल-डीजल बचाने का दिया संदेश

Madhya Pradesh High Court की जबलपुर मुख्य खंडपीठ के न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीडी बंसल मंगलवार को एक अलग अंदाज में नजर आए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का समर्थन करते हुए जस्टिस बंसल अपने सरकारी आवास से साइकिल चलाकर हाई कोर्ट पहुंचे और लोगों को पेट्रोल-डीजल बचाने का संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, जस्टिस बंसल ने सिविल लाइंस स्थित अपने निवास से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की और जबलपुर हाई कोर्ट पहुंचे। अदालत पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह धारणा गलत है कि जज साइकिल नहीं चला सकते। उन्होंने कहा कि उन्हें साइकिल से अदालत आने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
जस्टिस बंसल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां तक संभव हो, साइकिल का उपयोग कर पेट्रोल और डीजल की बचत करनी चाहिए, क्योंकि यह केवल आर्थिक बचत नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और देशहित से भी जुड़ा विषय है।
उन्होंने बताया कि उन्हें यह प्रेरणा मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा से मिली। इस पहल के दौरान अदालत के कुछ कर्मचारियों ने भी बैग और टिफिन के साथ साइकिल से कार्यालय आने की शुरुआत की।
Jabalpur की व्यस्त सड़कों पर जस्टिस बंसल को साइकिल चलाते देख लोग उत्सुक नजर आए। हाई कोर्ट परिसर में भी कर्मचारियों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा। इस पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, मेट्रो और इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग की अपील की थी। जस्टिस बंसल की यह पहल उसी दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।






