झाबुआ में सोते परिवार पर आधी रात गिरी दीवार: पड़ोसियों ने मां-बेटी को मलबे से निकाला; दोनों सिविल अस्पताल से रतलाम रेफर

झाबुआ। पेटलावद के सुभाष मार्ग पर देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। दो निर्माणाधीन भवनों के पास स्थित एक पुराने मकान की दीवार अचानक ढह गई। हादसा रात करीब 12:30 बजे रिमझिम बारिश के दौरान हुआ, जिसमें दीवार टूटकर कमरे में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार सुरेश (नाना) सोनी के पुराने मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा सीधे उस कमरे में जा गिरा, जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दीवार गिरने की घटना कैद हुई है।
घटना के समय कमरे में सो रही किरण सोनी (45) और उनकी बेटी निकिता (24) मलबे के नीचे दब गईं। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला।
इसके बाद घायलों को तत्काल पेटलावद सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रतलाम रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।