|

एमराल्ड हाइट्स में आईपीएससी टेबल टेनिस टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबले: फाइनल में मेजबान स्कूल को 3-0 से हराया

इंदौर। दिल्ली पब्लिक स्कूल ने एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल को एकतरफा मुकाबले में पराजित कर एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी टेबल टेनिस टूर्नामेंट में अंडर-17 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम किया। स्पर्धा अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में खेली जा रही है, जिसमें देशभर से आई टीमों के खिलाड़ी अपना जौहर दिखा रहे हैं।

अंडर-17 बालक वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल विजेता
अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। दिल्ली पब्लिक स्कूल की ओर से युग चौधरी, अनंत और सुधांशुम ने प्रतिनिधित्व किया। एमराल्ड हाइट्स की ओर से अथर्व सिंह, दक्ष माहेश्वरी और अतिवीर ने मुकाबला खेला। डेली कॉलेज तीसरे तथा राजकुमार कॉलेज चौथे स्थान पर रहा। पुरस्कार वितरण एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के संचालक मुक्तेश सिंह के आतिथ्य में हुआ। स्पोर्ट्स ऑफिसर अकरम खान एवं संजय मिश्रा भी मौजूद थे।

अंडर-19 बालिका वर्ग में संघर्षपूर्ण मुकाबला
अंडर-19 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने वेल्हम गर्ल्स स्कूल को 3-2 से पराजित किया। इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में एमराल्ड हाइट्स की ओर से रीत इंगले, आरुषी गावला और वृंदा पोरवाल ने प्रतिनिधित्व किया। वेल्हम की ओर से अनिका अग्रवाल, तनिशा चौधरी और अनन्या जैन ने मुकाबला खेला। दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने महारानी गायत्री देवी बालिका विद्यालय को आसानी से 3-0 से हराया।

अंडर-17 बालिका वर्ग में मेजबान को मिली जीत
अंडर-17 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल को 3-0 से शिकस्त दी। एमराल्ड हाइट्स की ओर से हिया पटेल, शांभवी साहू और वान्या मोटवानी ने प्रतिनिधित्व किया, जबकि दिल्ली पब्लिक स्कूल की ओर से अधिश्री, तविशा और आयाना ने मुकाबला खेला। दूसरे सेमीफाइनल में वेल्हम गर्ल्स स्कूल ने कित्तूर रानी चन्नम्मा आवासीय सैनिक विद्यालय को 3-0 से पराजित किया।

सेमीफाइनल में हारा डेली कॉलेज
अंडर-14 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में दिल्ली पब्लिक स्कूल ने डेली कॉलेज को 3-2 से मात दी। दिल्ली पब्लिक स्कूल की ओर से धृति, धान्या और अमायरा ने प्रतिनिधित्व किया। डेली कॉलेज की ओर से आरवी जैन, नैशा बंका और मान्या खराडकर ने मुकाबला खेला। दूसरे सेमीफाइनल में मॉडर्न स्कूल ने पाइनग्रोव स्कूल को 3-1 से पराजित किया।

Share