|

झाबुआ के श्रमिकों का संबल कार्ड हुआ बंद: 27,771 कार्ड निष्क्रिय हुए; जल्द ई-केवाईसी करवाने के निर्देश दिए

झाबुआ। मध्य प्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित संबल योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी श्रमिकों को 13 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से समग्र ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद जिले के 27,771 पंजीकृत श्रमिकों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई, जिसके चलते संबंधित श्रमिकों के संबल कार्ड अस्थायी रूप से निष्क्रिय किए गए हैं।

27,771 कार्ड निष्क्रिय हुए 
सहायक श्रमपदाधिकारी झाबुआ मनोज कुमार बेनावत ने बताया कि जिले में कुल 2,93,000 संबल कार्ड बने हुए हैं, जिनमें से 27,771 कार्ड निष्क्रिय हो गए हैं। इसके साथ ही, भवन संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कुशल श्रमिकों के करीब 65 हजार कार्ड बने हुए हैं, जिसमें भी लगभग 4 हजार कार्ड निष्क्रिय स्थिति में हैं।

समग्र ई-केवाईसी पूरी कराना जरूरी 
संबल योजना के अंतर्गत पंजीयन की वैधता और वास्तविक एवं पात्र श्रमिकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए समग्र ई-केवाईसी पूर्ण कराना आवश्यक है। जिन पंजीकृत श्रमिकों के संबल कार्ड ई-केवाईसी के अभाव में निष्क्रिय हुए हैं, वे अपनी समग्र ई-केवाईसी पूर्ण कराकर कार्ड पुनः सक्रिय करा सकते हैं। ई-केवाईसी पूर्ण होते ही संबंधित श्रमिक का संबल कार्ड संबल पोर्टल पर स्वतः पुनः सक्रिय हो जाएगा।

ई-केवाईसी कराने पर चालू होगा कार्ड 
विभाग द्वारा जिले के सभी पात्र और पंजीकृत श्रमिकों से अपील की गई है कि वे संबल योजना के लाभों से वंचित न रहें। जिन श्रमिकों ने अभी तक समग्र ई-केवाईसी पूरी नहीं कराई है, वे जल्द से जल्द ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि उनका संबल कार्ड फिर से सक्रिय हो सके और उन्हें योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ निरंतर प्राप्त होते रहें। ई-केवाईसी की प्रक्रिया संबंधित स्थानीय निकाय और संबल पोर्टल के माध्यम से पूर्ण की जा सकती है।

Share