झाबुआ में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: 703 हादसों में 125 मौतें; ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुधार

झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, यातायात नियमों के उल्लंघन और पीएम राहत कैशलेस योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
703 हादसे, 125 लोगों की मौत
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जिले में 15 अगस्त 2026 तक कुल 703 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 125 लोगों की मौत हुई, जबकि 892 लोग घायल हुए। पिछले साल दुर्घटनाओं में मृत्यु दर 21.8 प्रतिशत थी, जो इस वर्ष घटकर 17.78 प्रतिशत हो गई है।
ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले मॉडिफाइड व सुपर बाइकर्स पर कार्रवाई के लिए पुलिस सोशल मीडिया मॉनिटरिंग कर रही है। अब इसे बड़े स्तर पर अभियान के रूप में चलाया जाएगा।
ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुधार
कलेक्टर ने जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। फूलमाल फाटा पर लेन और स्टॉप मार्किंग, छापरी में सर्विस रोड विकसित करने, कालीदेवी में स्पीड ब्रेकरों पर चेतावनी संकेतक लगाने और कल्याणपुरा की संकरी पुलिया के पास यातायात सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा झाबुआ शहर में खुली नालियों और टूटे स्लैब को दुरुस्त करने, किशनपुरी में वेयरहाउस की एंट्री-एग्जिट अलग करने और सज्जन रोड पर झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता सुधारने को कहा गया। जिले के 6 व्यस्ततम चौराहों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए संयुक्त कार्रवाई भी की जाएगी।

47 प्रकरणों में 93 हजार रुपए की चालानी राशि वसूली
यातायात नियमों के पालन को लेकर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा 47 प्रकरणों में 93 हजार रुपए की चालानी राशि वसूल की गई है।
घायलों को मिलेगा कैशलेस उपचार का लाभ
सड़क दुर्घटना पीड़ितों के उपचार के लिए संचालित ‘पीएम राहत कैशलेस योजना’ की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 19 एम्पैनल निजी अस्पतालों के माध्यम से घायलों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने और प्री-अप्रूव्ड मामलों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी देवेन्द्र पाटीदार, अपर कलेक्टर सी. एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपालसिंह महोबिया और जिला परिवहन अधिकारी कृतिका मोहटा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।