|

झाबुआ में फोरलेन का मुआवजा नहीं मिलने पर धरने पर बैठे किसान: सांसद भी हुईं शामिल; समाधान के लिए कलेक्टर से की चर्चा

झाबुआ। फोरलेन मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार को सांसद अनिता नागरसिंह चौहान धरना स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।

छह महीने से मांग उठा रहे किसान
किसानों ने बताया कि वे पिछले छह महीने से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। किसानों ने बताया कि फोरलेन निर्माण में कई कुएं और पक्के मकान छूट गए हैं।

इसके कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। एक किसान ने सरकारी जमीन पर बगीचा तैयार किया है। उसका पटवारी के माध्यम से टैक्स भी जमा हो रहा है। इसके बावजूद उसे मुआवजा नहीं मिला है।

प्रशासन से चर्चा का भरोसा
सांसद अनिता चौहान ने किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के माध्यम से मिली शिकायतों पर प्रशासन से चर्चा की जा रही है। सांसद ने कहा कि जो मामले स्थानीय स्तर पर हल नहीं होंगे, उन्हें मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। इसके लिए जल्द मुलाकात की जाएगी।

कलेक्टर से भी की मुलाकात
किसानों से चर्चा के बाद सांसद कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट से मुलाकात की। इस दौरान किसानों के मुआवजे और अन्य मांगों पर चर्चा हुई।

मौके पर वरिष्ठ नेता शैलेश दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष बहादुर हटीला, जिला पंचायत सदस्य विजय भाभर और कल्याण डामर सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share