झाबुआ में दिनदहाड़े किडनैपिंग का CCTV: मेडिकल से युवक को घसीटा, डंडों से पीटा, कार में भरकर हुए फरार

झाबुआ। जिले के पारा क्षेत्र में दिनदहाड़े एक व्यक्ति के अपहरण किया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति को जबरन घसीटते, डंडों से मारपीट करते और कार में बैठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित की पत्नी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया को आवेदन देकर पति की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
पीड़िता भूरीबाई ने बताया कि उसके पति भल्लू (निवासी खयडूछोटी) 17 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे ग्राम पारा दवाई लेने गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें जबरन पकड़ लिया। पहले उनके साथ मारपीट की गई और फिर कार में बैठाकर ले जाया गया।
इन लोगों पर अपहरण का आरोप
भूरीबाई ने दितीया पिता रालू सिंगाड़, कमलेश, कैलाश, भमरू और ठाकुर (सभी निवासी खयडूछोटी) पर अपहरण का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना में GJ-01-KM-2987 नंबर की कार का इस्तेमाल किया गया।
आरोपियों की नहीं हुई गिरफ्तारी
पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना ग्राम पारा में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
भूरीबाई का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी थी। इसके बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और अपने पति की सकुशल बरामदगी की मांग की है।