| | |

उज्जैन में एंबुलेंस ड्राइवर के खाते से 2.09 लाख गायब: मोबाइल पर बैलें देखा तो चला पता; 1930 पर शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

उज्जैन। माधव नगर थाना क्षेत्र में एंबुलेंस चालक के बैंक खाते से 2 लाख 9 हजार रुपए गायब होने का मामला सामने आया है। चालक ने मोबाइल पर खाते का बैलेंस चेक किया तो रकम कम मिली। बैंक रिकॉर्ड देखने पर अलग-अलग तारीखों में कई ट्रांजेक्शन सामने आए। इसके बाद चालक ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। माधव नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन दिन में अलग-अलग ट्रांजेक्शन से निकली रकम
माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया के अनुसार, सांवेर रोड स्थित बागपुरा निवासी राजेश कुमार पिता बाबूलाल देवतवाल निजी एंबुलेंस चालक हैं। उन्होंने 16 सितंबर को मोबाइल पर अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया। खाते में रकम कम दिखाई देने पर उन्होंने ट्रांजेक्शन की जानकारी देखी।

रिकॉर्ड के मुताबिक 12 सितंबर को 90 हजार रुपए, 13 सितंबर को 40 हजार, 20 हजार और 30 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन हुए। इसके बाद 14 सितंबर को भी 29 हजार रुपए खाते से ट्रांसफर किए गए। इस तरह 12 से 14 सितंबर के बीच खाते से कुल 2 लाख 9 हजार रुपए निकाले गए।

मोबाइल हैक कर रकम निकालने की आशंका
खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलते ही राजेश ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद माधव नगर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

राजेश ने मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकाले जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और रकम किस माध्यम से निकाली गई, इसकी जानकारी जुटा रही है।

Share