‘गोंधल’ ऑस्कर 2027 में भारत की ऑफिशियल एंट्री: 33 फिल्मों में हुआ चयन; मराठी लोक परंपरा पर बनी थ्रिलर

मुंबई। मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। फिल्म को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भेजा जाएगा। इस बार भारत की ओर से ऑस्कर की दौड़ में 33 फिल्में शामिल थीं। इनमें ‘धुरंधर’, ‘बॉर्डर 2’ और ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में भी शामिल थीं।
33 फिल्मों में 14 हिंदी की
ऑस्कर एंट्री के लिए देशभर से अलग-अलग भाषाओं की 33 फिल्में भेजी गई थीं। इनमें सबसे ज्यादा 14 फिल्में हिंदी की थीं। इसके अलावा मराठी, तेलुगु और गुजराती भाषा की 4-4 फिल्में थीं। तमिल की 3 और मलयालम व नागामी भाषा की 1-1 फिल्म शामिल थी।
लोक परंपरा पर आधारित है ‘गोंधल’
‘गोंधल’ करीब 2 घंटे की मराठी फिल्म है। यह ग्रामीण महाराष्ट्र की लोक परंपरा और धार्मिक अनुष्ठान ‘गोंधल’ पर आधारित है। फिल्म का लेखन और निर्देशन संतोष डावखर ने किया है।
कहानी नवविवाहित जोड़े आनंद और सुमन के घर होने वाले गोंधल अनुष्ठान से शुरू होती है। रातभर चलने वाले इस आयोजन के दौरान गांव के पुराने विवाद और रंजिशें सामने आने लगती हैं।
धीरे-धीरे कहानी सस्पेंस और अपराध की तरफ बढ़ती है। सुमन से शादी नहीं हो पाने के कारण गांव के पाटिल का बेटा सरजेराव भी इस शादी से नाराज है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहणी, निषाद भोईर और सुरेश विश्वकर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इलैयाराजा ने दिया संगीत
फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है। निर्देशक संतोष डावखर को फिल्म के लिए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में सिल्वर पीकॉक पुरस्कार भी मिल चुका है।
13 सदस्यीय जूरी ने किया चयन
‘गोंधल’ के चयन के लिए FFI ने 13 सदस्यीय जूरी बनाई थी। जूरी ने सभी फिल्मों को देखने के बाद मराठी फिल्म को ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना।
पिछले साल ‘होमबाउंड’ गई थी ऑस्कर
पिछले साल भारत की ओर से ‘होमबाउंड’ को ऑस्कर के लिए भेजा गया था। फिल्म में ईशान खट्टर और विशाल जेठवा मुख्य भूमिकाओं में थे। 2025 में ऑस्कर एंट्री के लिए अलग-अलग भाषाओं की 24 फिल्मों पर विचार किया गया था। इनमें से ‘होमबाउंड’ का चयन हुआ था।