धार में नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार: 72 घंटे में पुलिस ने पकड़ा; दोस्त के साथ बाइक से ले गया था

धार। पुलिस चौकी निसरपुर की टीम ने नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर नाबालिग का अपहरण किया था। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
बाइक से नाबालिग को ले गए थे तलुन
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को पीड़िता ने थाना कुक्षी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि 13 सितंबर को आरोपी राजा धनगर अपने दोस्त विनय उर्फ विकेन धनगर के साथ मोटरसाइकिल से उसे लेकर गया था। आरोपियों ने उसे बड़वानी जिले के तलुन ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसे तलुन से कसरावद पुल के पास छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने घर पहुंचकर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी कुक्षी दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार निसरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जयपाल बिल्लौरे की टीम ने मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल धार की मदद से मुख्य आरोपी राजा पिता गंगाराम धनगर, निवासी ग्राम छोटी कसरावद, थाना कोतवाली बड़वानी को उसके गृहग्राम से घेराबंदी कर पकड़ा।
आरोपी को कोर्ट में पेश किया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय कुक्षी के समक्ष पेश किया गया। मामले में दूसरे आरोपी विनय उर्फ विकेन धनगर की भूमिका को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कुक्षी दीपक सिंह चौहान, निसरपुर चौकी प्रभारी जयपाल बिल्लौरे, भुवान सिंह चौहान, किशोर उपाध्याय, आरक्षक थानसिंह, सुभाष, रविन्द्र, गौरव और किशन का योगदान रहा।