हाटपीपल्या में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजन: ‘मेरे सपनों का भारत’ पर छात्राओं ने रखे विचार; विजेताओं का सम्मान

हाटपीपल्या। पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटपीपल्या में शनिवार को ‘बैग लेस डे’ मनाया गया। छात्राएं बिना बस्ते के स्कूल पहुंचीं। इस दौरान उन्हें खेल और अन्य व्यावहारिक गतिविधियों के जरिए जीवन कौशल से जुड़ी जानकारी दी गई।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण, चित्रकला और मिट्टी के गणेश बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने विकसित भारत 2047 के सपने और देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं की तमन्ना लखन मालवीय ने पहला, कक्षा 12वीं की रितिका राजेश पटेल ने दूसरा और कक्षा 8वीं की नंदनी कन्हैयालाल चौहान ने तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेताओं को 1-1 हजार रुपए का पुरस्कार
मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि गौरव निमावत और विशेष अतिथि नितिन कुंभकार ने विजेता छात्राओं को एक-एक हजार रुपए की नकद राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की। कार्यक्रम में सोनू मेसरा और केपी सेंधव भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य अनिल कुंभकार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत राधिका नायक और लक्ष्मी सेंधव ने सरस्वती वंदना से की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शिक्षिका प्रीति चौधरी, पीयूषा आशापुरे, सारिका भट्ट और हर्षा जोशी शामिल रहीं। संचालन मुफीद अहमद मंसूरी ने किया और आभार उषा दुबे ने माना।