|

धार में जल जीवन मिशन के पाइप चोरी: आयशर और हाइड्रा क्रेन के 2 चालक गिरफ्तार; 48 पाइप गायब मिले, एक आरोपी की तलाश

धार। धरमपुरी में जल जीवन मिशन के तहत बिछाए जाने वाले 48 पाइप चोरी हो गए थे। पाइप चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में आयशर वाहन के चालक सादाब खान और हाइड्रा क्रेन चालक सुखलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल आयशर वाहन और हाइड्रा क्रेन जब्त की है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

मौके पर 7 पाइप लोड मिले, 48 पाइप गायब थे
17 सितंबर को डब्ल्यू.पी.आई.एल. कंपनी के स्टाफ सुपरवाइजर कड़वासिंह राजपूत ने धरमपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि खलघाट-मनावर रोड पर पिपलदागढ़ी रोड के किनारे जल जीवन मिशन के तहत रश्मि मेटालिक कंपनी के डीआई के-9, 250 एमएम पाइप रखे गए थे।

17 सितंबर की सुबह जांच करने पर मौके पर एक सफेद आयशर वाहन क्रमांक RJ-25-GA-6958 में 7 पाइप लोड मिले। पाइपों का मिलान करने पर कुल 48 पाइप गायब पाए गए।

जांच में दोनों चालकों की भूमिका सामने आई
पुलिस जांच के दौरान आयशर चालक सादाब खान निवासी पुनर्वास, धरमपुरी और हाइड्रा क्रेन चालक सुखलाल निवासी तिररानिया, खरगोन की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से आयशर वाहन RJ-25-GA-6958 और हाइड्रा क्रेन MP-11-ZE-0972 जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और धरमपुरी थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक रवि वास्के, सहायक उपनिरीक्षक रेमसिंह बामनिया, प्रधान आरक्षक वेस्ता सोलिया, आरक्षक लक्ष्मण जमरा और आरक्षक सोनू शामिल रहे।

Share