झाबुआ में बेटे ने की पिता की हत्या: लात-घूंसे और लाठी से पीटा; पोते के बयान के बाद हुई गिरफ्तारी

झाबुआ। ग्राम उमरिया दरबार में जमीन विवाद को लेकर बेटे सुनील ने अपने पिता अनसिंह डामोर (70) को मार डाला। मारने की वजह सिर्फ इतनी-सी थी कि वे अपनी दो बीघा जमीन अपने पोते (दूसरे बेटे के बेटे) गोविंद के नाम करना चाहते थे। आरोपी बेटा उस जमीन को अपने नाम करवाना चाहता था।
इलाज के दौरान मौत
घटना 01 सितंबर शाम 4 बजे की है। आरोपी सुनील ने अपने पिता के घर के पास लात-घूंसों और लाठी से मारपीट की। इस हमले में बुजुर्ग पिता के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे बेहोश हो गए। आरोपी उन्हें पहले पारा अस्पताल, फिर झाबुआ, दाहोद अस्पताल लेकर गया, जहां इलाज के दौरान 6 सितंबर की रात उनकी मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई और मर्ग कायम
कोतवाली टीआई आरसी भास्करे ने बताया कि घटना की सूचना पोते गोविंद (20) ने थाना कोतवाली झाबुआ में आकर दी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी सुनील ने जान से मारने की नीयत से ही मारपीट की थी।
आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान शॉर्ट पीएम रिपोर्ट, साक्षी दितुबाई पति मंगलिया सिंगाड और सूचनाकर्ता गोविंद के बयानों के आधार पर आरोपी सुनील के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को दे दिया।