|

झाबुआ में 31 दिवसीय अखंड रामायण पाठ का समापन: 500 भक्तों ने ग्रहण की महाप्रसादी; 15 साल से लगातार हो रहा आयोजन

झाबुआ। श्रावण मास के अवसर पर श्री वाड़ी हनुमान मंदिर में चल रहा 31 दिवसीय अखंड रामायण पाठ रविवार को पूर्णाहुति और महाप्रसादी के साथ संपन्न हुआ। मंदिर में पिछले 15 वर्षों से लगातार यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है।

विधि-विधान से हुआ पूजन और हवन
मुख्य पुजारी पंडित नित्य प्रकाश चौहान के सान्निध्य में अंतिम दिन विधि-विधान से पूजन और हवन कराया गया। करीब एक महीने तक चले इस आयोजन में रामायण मंडल के सदस्यों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूर्णाहुति के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें करीब 500 श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लिया।

मंदिर समिति और भक्तों का रहा सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर प्रमुख प्रवीण चौहान, गोपाल नेमा, मनोज सोनी, शांतिलाल चौहान, दशरथ जानी, राधेश्याम परमार, प्रमोद सोनी, अशोक सिंह, विजय चौहान, बंटू भंडारी, बबलू सकलेचा, संदीप नेताजी और मुख्य पुजारी नित्यप्रकाश चौहान सहित रामायण मंडल के सदस्यों का सहयोग रहा। मंदिर समिति के सेवकों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं की सहभागिता से धार्मिक आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ।

Share