|

जालौन सड़क हादसा: अयोध्या से लौट रहे परिवार की कार पलटी, 6 की मौत, 4 गंभीर

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर गांव के पास हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक परिवार श्रीराम मंदिर में दर्शन कर अयोध्या से लौट रहा था। इसी दौरान उनकी टवेरा कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

घटना में घायल चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर धीरे-धीरे सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Share

Similar Posts