जयपुर की पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, बच्चे समेत 3 की मौत; कई मजदूर 90% तक झुलसे
जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
मृतकों की पहचान रहीम, रुबीन (15) और अब्दुल वाहिद के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हुए आजीम खान, नासीर खान, समीर खान, बिलाल और अशफाक को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार अधिकांश घायल 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि यह पटाखा फैक्ट्री खोह नागोरियान के आयशा नगर तलाई क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित है। प्रारंभिक जांच में किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
विधायक अमीन कागजी बोले- हादसे के लिए सरकार जिम्मेदार
इस हादसे पर क्षेत्रीय विधायक अमीन कागजी ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि घनी आबादी वाले इलाके में लंबे समय से पटाखा फैक्ट्री संचालित हो रही थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि लापरवाही का नतीजा यह हुआ कि लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
वहीं स्थानीय निवासी यामीन ने बताया कि वह फैक्ट्री के पास ही रहते हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि फैक्ट्री के अंदर किस प्रकार का काम किया जाता था।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
