|

हिमपात और माइनस 16° तापमान में केदारनाथ धाम की सुरक्षा में डटे ITBP और पुलिस के हिमवीर

भारी हिमपात और माइनस 16 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कते तापमान के बीच केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है। अत्यंत विषम बर्फीली परिस्थितियों के बावजूद भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान मंदिर परिसर की सुरक्षा में मुस्तैदी से डटे हुए हैं।

उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण केदारनाथ धाम इस समय लगभग 3 से 4 फीट मोटी बर्फ की चादर से ढका हुआ है। कड़ाके की ठंड और तेज बर्फीली हवाओं के बावजूद जवान संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं। यह संदेश स्पष्ट है कि कर्तव्य के आगे मौसम भी बेअसर है

26 जनवरी के अवसर पर इन हिमवीरों ने बर्फबारी के बीच तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का उदाहरण भी पेश किया। हालांकि इस समय मंदिर के कपाट बंद हैं, फिर भी धाम की सुरक्षा और मास्टर प्लान के तहत निर्मित सरकारी परिसंपत्तियों की निगरानी निरंतर की जा रही है।

मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट और संभावित हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए जवानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों का मनोबल ऊंचा है और केदारनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है।

Share

Similar Posts