|

इजराइल ने हिजबुल्लाह आतंकी अली दाऊद अमिच को मार गिराया, आईडीएफ का दावा

इजराइली सुरक्षा बल (IDF) ने दावा किया है कि उसने लेबनान स्थित आतंकी संगठन हिजबुल्लाह के एक वरिष्ठ आतंकवादी अली दाऊद अमिच को मार गिराया है। आईडीएफ के अनुसार यह कार्रवाई रविवार को की गई।

आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि अली दाऊद अमिच हिजबुल्लाह के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट का डिवीजन हेड था और वह दक्षिणी लेबनान के अल-द्वेयर इलाके में संगठन के आतंकी ढांचे को फिर से खड़ा करने की कोशिशों में सक्रिय था।

आईडीएफ के मुताबिक, अमिच इजराइली सैनिकों के खिलाफ कई आतंकी हमलों में शामिल रहा था और इजराइल-लेबनान के बीच हुए समझौतों का लगातार उल्लंघन कर रहा था। सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर रविवार को उस पर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि हिजबुल्लाह लेबनान स्थित एक शिया मुस्लिम राजनीतिक दल और सशस्त्र संगठन है, जिसकी स्थापना 1980 के दशक में लेबनानी गृहयुद्ध के दौरान हुई थी। इसे ईरान से वित्तीय सहायता, हथियार और प्रशिक्षण मिलने का आरोप लगता रहा है। अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और खाड़ी सहयोग परिषद समेत कई देशों ने हिजबुल्लाह को आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है।

माना जाता है कि हिजबुल्लाह के पास हजारों रॉकेट और मिसाइलें हैं तथा इसके सक्रिय लड़ाकों और रिजर्व बलों की संख्या लाखों में नहीं तो भी हजारों में है। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच जारी तनाव के बीच यह कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति को और संवेदनशील बना सकती है।

Share

Similar Posts