तेहरान पर इजराइल की मिसाइलों की बौछार, कतर का सैन्य हेलीकॉप्टर क्रैश; मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर

मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के बीच इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर मिसाइलों की बौछार कर दी है। यह हमला ईरान द्वारा दक्षिणी इजराइल के दो कस्बों पर किए गए मिसाइल हमलों के जवाब में किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने बताया कि उसने तेहरान में ईरानी शासन से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए हमलों की नई लहर शुरू की है।
इस बीच क्षेत्र में एक और बड़ी घटना सामने आई है। कतर का एक सैन्य हेलीकॉप्टर फारस की खाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
कतर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ। मंत्रालय ने बताया कि नियमित उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में खराबी आई, जिसके चलते वह कतर के तट के पास समुद्र में क्रैश हो गया। फिलहाल तलाशी और बचाव अभियान जारी है, हालांकि हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
उधर, फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान की सेना ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। सेना ने कहा है कि यदि डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ने ईरान के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों पर हमला किया, तो पूरे मध्य-पूर्व में ऊर्जा और जलशोधन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाएगा।
यह बयान उस अमेरिकी चेतावनी के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य को 48 घंटे के भीतर नहीं खोला गया, तो ईरान के पावर प्लांट को तबाह कर दिया जाएगा।






