इस्फहान पर हमला, दुबई बंदरगाह पर तेल टैंकर में भीषण आग

ईरान के ऐतिहासिक शहर इस्फहान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा जबरदस्त हमले की खबर सामने आई है। करीब 23 लाख आबादी वाले इस शहर में स्थित बदर मिलिट्री एयरबेस को भी निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही है। धमाकों और आग की लपटों से आसमान देर तक दहशत में डूबा रहा।
इस बीच कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने जानकारी दी है कि दुबई बंदरगाह पर विशाल तेल टैंकर ‘अल-सलमी’ में आग लग गई है, जिसके पीछे ईरान के हमले की आशंका जताई गई है। आग के कारण तेल रिसाव का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे पर्यावरणीय संकट गहरा सकता है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने इस्फहान में हुए हमलों के कई वीडियो रिकॉर्ड किए हैं। यह शहर ईरान का प्रमुख औद्योगिक और सांस्कृतिक केंद्र है, जहां कपड़ा और इस्पात उद्योग के साथ-साथ नतंज परमाणु केंद्र और मिसाइल निर्माण से जुड़े प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं।
इसी बीच हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजराइल के मिसगाव अम क्षेत्र में एक सैन्य चौकी को ड्रोन हमलों से निशाना बनाने का दावा किया है। साथ ही दक्षिणी लेबनान के अल-क़ंतारा और तैबेह के बीच एक इजराइली मर्कवा टैंक पर गाइडेड मिसाइल से हमला कर उसे नष्ट करने की बात कही गई है।
पॉपुलर मोबिलाइज़ेशन फोर्सेज ने भी दावा किया है कि अमेरिका-इजराइल की संयुक्त सेनाओं ने इराक के बाबुल और अनबार प्रांतों में उनके ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। बाबुल के जुर्फ अल-नस्र सेक्टर में 45वीं ब्रिगेड और अनबार के अल-कर्मा क्षेत्र में 31वीं ब्रिगेड को निशाना बनाया गया।
उधर, इराक के कुर्द अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र के सुलेमानिया शहर पर किए गए दो हमलों को सुरक्षा बलों ने विफल करने का दावा किया है।
मिडिल ईस्ट में तेजी से बढ़ते इन घटनाक्रमों ने वैश्विक चिंता को और बढ़ा दिया है, जबकि क्षेत्र में तनाव लगातार गहराता जा रहा है।






