ईरान का बयान – हमारा परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण, यूरेनियम संवर्धन किसी कीमत पर नहीं रुकेगा

तेहरान।
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया है कि देश का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है और किसी भी परिस्थिति में यूरेनियम संवर्धन (Uranium Enrichment) को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अमेरिका के साथ प्रत्यक्ष वार्ता नहीं करना चाहता, लेकिन अप्रत्यक्ष बातचीत के माध्यम से समझौते की संभावना से इनकार नहीं करता।
मीडिया से बातचीत में अराघची ने कहा कि हाल ही में ईरान के तीन प्रमुख परमाणु केंद्रों – नतांज़, फोर्डो और इस्फ़हान – पर हुए हमलों से देश को संरचनात्मक नुकसान हुआ है, लेकिन तकनीकी क्षमताएं पूरी तरह सुरक्षित और सक्रिय हैं।
उन्होंने 22 जून को इन केंद्रों पर अमेरिकी बमबारी का ज़िक्र करते हुए कहा कि ऐसे हमलों से ईरान अपने वैज्ञानिक और तकनीकी लक्ष्यों से पीछे नहीं हटेगा।
ईरान ने बार-बार कहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम ऊर्जा उत्पादन और चिकित्सा अनुसंधान जैसे शांतिपूर्ण प्रयोजनों के लिए है, न कि हथियार निर्माण के लिए।






