|

Donald Trump की धमकी से सहमा ईरान, युवाओं से बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव शृंखला बनाने की अपील

अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump की कड़ी चेतावनी के बाद ईरान में तनाव चरम पर पहुंच गया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तय समय तक न खोलने पर हमले की धमकी से घबराए ईरान ने अब अपने नागरिकों को सुरक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया है।

ईरान के युवा एवं खेल मामलों के उपमंत्री अलीरेजा रहीमी ने देशभर के युवाओं, कलाकारों और खिलाड़ियों से बिजली संयंत्रों के चारों ओर मानव शृंखला बनाने की अपील की है। यह अभियान “ईरानी युवाओं की मानव शृंखला—एक उज्ज्वल भविष्य के लिए” के नाम से चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर दो बजे देशभर में लोग एकजुट होकर सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए हाथों में हाथ डालकर खड़े होंगे। उनका उद्देश्य यह संदेश देना है कि नागरिक संरचनाओं पर हमला “युद्ध अपराध” माना जाना चाहिए।

इस बीच, Donald Trump ने एक बार फिर सख्त बयान देते हुए कहा है कि यदि ईरान ने निर्धारित समय सीमा तक होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला, तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों पर बड़े पैमाने पर हमला करेगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान को “एक ही रात में खत्म” किया जा सकता है।

ईरान की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। तेहरान ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर उसके बुनियादी ढांचे पर हमला किया गया, तो उसके परिणाम पूरे क्षेत्र से बाहर तक महसूस किए जाएंगे।

गौरतलब है कि संघर्ष को रोकने के लिए कई देशों ने 45 दिनों के संघर्ष-विराम का प्रस्ताव रखा था, जिसे ईरान ने खारिज कर दिया। ईरान के शीर्ष नेतृत्व ने साफ किया है कि वह युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए ठोस समाधान चाहता है, न कि अस्थायी विराम।

मौजूदा हालात में मध्य पूर्व का यह संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है, जहां कूटनीतिक समाधान की संभावनाएं कमजोर और सैन्य टकराव की आशंका मजबूत होती जा रही है।

Share

Similar Posts