आईपीएल 2026: सीएसके पर जीत के बाद पंजाब किंग्स को झटका, श्रेयस अय्यर पर 24 लाख का जुर्माना

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले के बाद पंजाब किंग्स को जीत के बावजूद बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर पर धीमी ओवर गति के कारण 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

यह मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था, जहां पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह पंजाब किंग्स का इस सीजन का दूसरा स्लो ओवर-रेट अपराध था। इसके चलते कप्तान श्रेयस अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर पर भी 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया गया।

मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने 210 रनों के लक्ष्य को 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। यह टीम की लगातार दूसरी जीत रही, जिससे अंक तालिका में उसकी स्थिति मजबूत हो गई है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 29 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम को संभाला। वहीं, इम्पैक्ट प्लेयर प्रियांश आर्य ने 11 गेंदों में 39 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे।

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने 43 गेंदों में 73 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने नाबाद 45 रन की पारी खेली।

हालांकि, टीम के प्रमुख गेंदबाज मथीशा पथिराना की गैरमौजूदगी में सीएसके अपने स्कोर का बचाव नहीं कर सकी। पंजाब की ओर से विजयकुमार वैशाख ने 2 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई।

जीत के बावजूद स्लो ओवर-रेट की सजा ने पंजाब किंग्स के जश्न को थोड़ा फीका जरूर कर दिया, लेकिन टीम का प्रदर्शन पूरे मैच में दमदार रहा।

Share

Similar Posts