आईपीएल 2026: चेन्नई की ऐतिहासिक जीत, मुंबई इंडियंस को 103 रनों से करारी हार

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 103 रनों के बड़े अंतर से हराकर इतिहास रच दिया। वानखेड़े स्टेडियम में मिली यह जीत चेन्नई की आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी जीत बन गई, जबकि मुंबई की यह सबसे बड़ी हार साबित हुई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए। टीम के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 54 गेंदों में नाबाद 101 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ (22), डेवाल्ड ब्रेविस (21) और जेमी ओवर्टन (15) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 11 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) ने 73 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह बिखर गया। हार्दिक पांड्या सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए और पूरी टीम 104 रन पर सिमट गई।

गेंदबाजी में चेन्नई सुपर किंग्स के अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके। नूर अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जेमी ओवर्टन को एक-एक सफलता मिली।

इस मुकाबले के साथ चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीम बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

इस जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस आठवें स्थान पर खिसक गई है।

Share

Similar Posts