इंदौर जिले में एसडीएम और तहसीलदारों को दिया गया मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 (SIR) का प्रशिक्षण
इंदौर, 29 अक्टूबर 2025 —
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें इंदौर जिले के सभी एसडीएम (ईआरओ) और तहसीलदार (एईआरओ) को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पंवार नवजीवन विजय और सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत श्रीवास्तव सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 28 अक्टूबर से शुरू होकर 7 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस अवधि में मतदाता सूची को अद्यतन, संशोधित और प्रमाणित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यालय द्वारा मतदान केंद्रवार बूथ लेवल अधिकारी (BLO) नियुक्त किए गए हैं। वहीं, राजनीतिक दल अपने स्तर पर बूथ लेवल अभिकर्ता (BLA) नियुक्त कर सकते हैं ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग मिल सके। आम नागरिकों की भागीदारी के लिए वॉलेंटियर्स भी जोड़े जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री झा ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, नाम हटाने के लिए फॉर्म 7, और सुधार हेतु फॉर्म 8 भरना आवश्यक होगा। साथ ही चेतावनी दी कि एन्यूमरेशन फॉर्म में मिथ्या घोषणा करने पर जुर्माना या कारावास की सजा भी हो सकती है।
महत्वपूर्ण तिथियाँ:
-
बीएलओ प्रशिक्षण: 3 नवंबर 2025 तक
-
घर-घर सर्वे: 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025
-
प्रारूप सूची प्रकाशन: 9 दिसंबर 2025
-
दावा-आपत्तियाँ: 9 दिसंबर 2025 – 9 जनवरी 2026
-
सत्यापन प्रक्रिया: 9 दिसंबर 2025 – 31 जनवरी 2026
-
अंतिम सूची प्रकाशन: 7 फरवरी 2026
मतदाता सूची ऑनलाइन देखने के लिए नागरिक https://voters.eci.gov.in/ या https://ceomadhyapradesh.nic.in/VL2003.aspx वेबसाइट पर जा सकते हैं।
