इंदौर सांसद ने रेल मंत्री से की मुलाकात: सिंहस्थ-2028 को लेकर रेल नेटवर्क बढ़ाने के लिए हुई चर्चा, बंद परियोजना भी जल्द होगी शुरू

नई दिल्ली/इंदौर। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर इंदौर लोकसभा सांसद शंकर लालवानी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में इंदौर और पूरे मालवा क्षेत्र की रेल को नेटवर्क को बढ़ाने के लिए चर्चा हुई।
सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाला सिंहस्थ महाकुंभ विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल है। इसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इंदौर प्रदेश का प्रमुख शहर होने के साथ ही सिंहस्थ के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार रहेगा। ऐसे में रेलवे नेटवर्क और यात्री सुविधाओं को समय रहते मजबूत करना जरूरी है।
इंदौर सहित आसपास के स्टेशनों के विस्तार पर जोर
बैठक में इंदौर रेलवे स्टेशन और लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों पर चर्चा हुई। इसके अलावा राऊ, सैफी नगर, राजेंद्र नगर और चंद्रावतीगंज जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विस्तार, प्लेटफॉर्म क्षमता बढ़ाने और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे भी उठाए गए।
बंद रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा करने की मांग
सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर-खंडवा रेल परियोजना और इंदौर-दाहोद रेल परियोजना सहित क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने इंदौर से देश के प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनों की शुरुआत करने और वर्तमान में अतिरिक्त फेरों के रूप में चल रही ट्रेनों को नियमित करने की मांग भी रखी।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिए समीक्षा के निर्देश
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को परियोजनाओं और प्रस्तावों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सिंहस्थ-2028 को देखते हुए इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में रेल विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।
सिंहस्थ-2028 पूरे मालवा और मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सिंहस्थ-2028 केवल उज्जैन का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे मालवा और मध्यप्रदेश की व्यवस्थाओं की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंदौर की रेल नेटवर्क को मजबूत करना जरूरी है, ताकि आयोजन के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।