इंदौर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन, सैकड़ों नागरिकों ने दौड़कर सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि

इंदौर, 31 अक्टूबर 2025।
लौह पुरुष और भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरे देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस (National Unity Day) बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आयोजित “रन फॉर यूनिटी (Run for Unity)” कार्यक्रम के तहत इंदौर में भी भव्य आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ नेहरू स्टेडियम से हुआ, जहां सुबह से ही देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सैकड़ों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। सभी ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों के साथ दौड़ लगाई और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक महेंद्र हडिया, विधायक मधु वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेहरू स्टेडियम में जैसे ही ‘रन फॉर यूनिटी’ शुरू हुई, तिरंगे झंडे लहराते युवाओं और नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी। देशभक्ति के नारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्र भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। रियासतों के विलय और एक अखंड भारत के निर्माण में उनका योगदान अमूल्य है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि सरदार पटेल के आदर्श और सिद्धांत आज भी भारत की एकता, अखंडता और विकास के मार्गदर्शक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हर नागरिक को देश के निर्माण और राष्ट्र की सेवा के लिए कार्य करना चाहिए।






