| | |

इंदौर में पूर्व ABVP नेता के पास चोरी की बाइक: बिना पेपर के चला रहा था; पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ा

इंदौर। बाणगंगा थाना पुलिस ने पूर्व ABVP छात्र नेता आलेक द्विवेदी के पास से चोरी की बाइक बरामद की। बाइक पर गलत नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने आलेक से पूछताछ की और बाद में उसे छोड़ दिया।

पुलिस ने आलेक को विद्यानगर-भंवरकुआ क्षेत्र से हिरासत में लिया था। इसके बाद उसे बाणगंगा थाने लाया गया।पूछताछ में आलेक ने बाइक विनय यादव से 5 हजार रुपए में खरीदने की बात बताई।

आलेक ने कहा- मैं जनवरी से यह बाइक चला रहा था। बाइक लेने के बाद से ही मैं विनय से गाड़ी के कागज मांग रहा था, लेकिन वह हर बार बात टाल देता था। काफी दिन बीतने के बाद भी उसने मुझे गाड़ी के दस्तावेज नहीं दिए।

विनय यादव को थाने बुलाकर पूछताछ की
विनय ने आलेक को बाइक 5 हजार रुपए में दी थी। दोनों के बीच यह भी तय हुआ था कि बाइक वापस करने पर विनय पैसे लौटा देगा।

आलेक के बयान के बाद पुलिस ने बाणगंगा निवासी विनय यादव को थाने बुलाकर पूछताछ की। थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि विनय से बाइक चोरी होने के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बाइक कहां से चोरी हुई थी और विनय के पास कैसे पहुंची।

ABVP ने लगाया साजिश का आरोप
ABVP की ओर से कहा गया है कि आने वाले दिनों में छात्रसंघ चुनाव की घोषणा हो सकती है। ऐसे में संगठन को बदनाम करने के लिए यह कार्रवाई साजिश के तहत की जा रही है। पुलिस ने आलेक से पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया है। वहीं विनय यादव से अभी पूछताछ जारी है।

Share