इंदौर में डाक सहायक उर्मिला सैनी की हत्या; संयोगितागंज थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी की चाकू से गोद कर की हत्या

इंदौर के डाककुंज कॉलोनी के ग्राउंड फ्लोर स्थित सरकारी आवास में शनिवार को पोस्टल असिस्टेंड डाक विभाग उर्मिला सैनी (38) की हत्या हो गई। स्कूल से लौटे दोनों बच्चों ने घर के भीतर अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा। घटना के बाद से महिला का पति लापता है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मां का खून से लथपथ शव देखकर बच्चे जोर-जोर से रोने लगे। उन्होंने अपने नाना को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इस बीच आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के घर वालों ने पति पर आए दिन झगड़ा करने के आरोप लगाए हैं। उनके पति अखिलेश सैनी के बारे में परिजनों का कहना है कि वह कोई काम नहीं करते थे। अनुमान की आपसी विवाद में और तात्कालिक आवेश में आकर अखिलेश ने पत्नी की हत्या कर दी और भाग गया।
स्कूल में बच्चों से कहा- भोपाल जा रहे हैं
परिजनों के अनुसार घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल में थे। शनिवार को अखिलेश सुबह 9 बजे स्कूल पहुंचे और बच्चों से कहा कि वह और उनकी मां भोपाल जा रहे हैं। तुम अपनी मौसी के घर चले जाना और बताया कि उनकी एक्टिवा स्कूल में ही खड़ी रहेगी। उन्होंने बेटी को एटीएम कार्ड और जेवरातों की जानकारी के साथ चाबी दी।
हालांकि स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे मौसी के घर जाने के बजाय सीधे अपने घर पहुंच गए। बेटी बड़ी है और 9वीं क्लास में पढ़ती है, जबकि छोटा बेटा चौथी क्लास में पढ़ाई कर रहा है।
तेज आवाज में चल रहा था टीवी
दोपहर करीब एक बजे जब बच्चे घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला था और अंदर तेज आवाज में टीवी चल रहा था। घर के भीतर पहुंचने पर उन्होंने अपनी मां का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घबराए बच्चों ने अपने नाना सत्यनारायण मालाकार को फोन कर घटना की जानकारी दी।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। नजदीकी लोगों ने बताया कि उर्मिला एमजी रोड स्थित डिविजनल ऑफिस में पोस्टल अस्सिटेंट थींl उनके दोनों बच्चे काफी होनहार हैंl बेटी स्कूल में बेस्ट गर्ल स्टूडेंट के रूप में हैl इसके साथ ही वह यूट्यूब पर प्रमोशन करती हैl पति वर्क फ्रॉम होम में अगरबत्ती ट्रेडिंग का काम करता है और पत्नी पर शक करता थाl भोपाल में रहने के दौरान भी उसने विवाद किया था और बात थाने तक पहुंची थी फिर बाद में समझौता हो गया थाl
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर संयोगितागंज थाना पुलिस, पलासिया थाना पुलिस, एसीपी निधि दंडोतिया और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया।
पति-पत्नी के बीच विवाद की बात आई सामने
स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। महिला के रिश्तेदारों ने भी आरोप लगाया कि अखिलेश और उर्मिला के बीच आए दिन झगड़े होते थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी विवाद को घटना का संभावित कारण मानकर जांच कर रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश कर रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।