इंदौर में 8 सितंबर से आईपीएससी राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट: देशभर की खिलाड़ी पेश करेंगी चुनौती

इंदौर। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में 8 से सितंबर से आईपीएससी राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है जिसमें देशभर की खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगी। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिष्ठित स्कूलों की बालिका खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के सभी मैच द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल परिसर में आयोजित किए जाएंगे।
13 स्कूलों की टीमें पहुंचेंगी इंदौर
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न राज्यों से 13 स्कूलों की टीमें इंदौर पहुंचेंगी। इनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, विद्या देवी जिंदल स्कूल, मॉडर्न स्कूल, मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, डेली कॉलेज, वेल्हम गर्ल्स स्कूल, राजकुमार कॉलेज, द लॉरेंस स्कूल, एल.के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर और मेजबान द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल सहित अन्य टीमें शामिल हैं।
चुनिंदा स्कूलों की टीमें लेती हैं हिस्सा
आईपीएससी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा में देश के विभिन्न हिस्सों के चुनिंदा स्कूलों की टीमें हिस्सा लेती हैं। 11 सितंबर तक खेली जाने वाली इस राष्ट्रीय स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ 8 सितंबर को सुबह के सत्र में स्कूल के संचालक मुक्तेश सिंह के आतिथ्य में होगा। टूर्नामेंट के दौरान करीब 170 खिलाड़ी इंदौर में मौजूद रहेंगे।