|

ग्वालियर टेनिस टूर्नामेंट में आन्या राठी ने जीता युगल खिताब : एकल में रहीं उपविजेता

इंदौर। साजिद लोदी अकादमी इंदौर की उभरती टेनिस खिलाड़ी आन्या राठी ने ग्वालियर में आयोजित एआईटीए चैंपियनशिप सीरीज टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए युगल खिताब जीता जबकि अंडर-16 बालिका एकल में उप विजेता का स्थान हासिल किया।

गैर वरीयता प्राप्त होकर भी किया शानदार प्रदर्शन
टूर्नामेंट में गैर वरीयता प्राप्त खिलाड़ी होने के बावजूद आन्या ने पहले दौर से ही अपने मजबूत सर्विस गेम से सभी को प्रभावित किया। अंडर-16 एकल वर्ग में आन्या ने पहले दौर में महाराष्ट्र की सोनवाने विपश्यना को 8-4 से हराया। दूसरे राउंड में उन्होंने बड़ा उलटफेर करते हुए टूर्नामेंट की दूसरी वरीयता प्राप्त मध्य प्रदेश की धृष्टि शर्मा को आसानी से 9-1 से मात दी। सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की सिया मोहन के खिलाफ कड़ा मुकाबला रहा, जिसे आन्या ने 7-5, 6-4 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका सामना मध्य प्रदेश की वैदेही शिंदे से हुआ, जहां उन्हें 4-8 से हार का सामना करना पड़ा।

वैदेही के साथ बनीं चैंपियन
युगल वर्ग में आन्या ने अपनी एकल प्रतिद्वंद्वी वैदेही शिंदे के साथ जोड़ी बनाई। इस जोड़ी ने सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश की संस्कृति पाराशर और सम्भवी सिंह की जोड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में आन्या और वैदेही की जोड़ी ने गुजरात की सयाद्री चावरा और अगन्या भदौरिया को 6-1, 6-0 के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।

Share