इंदौर में फर्जी सिम एक्टिवेट करने वाला आरोपी गिरफ्तार: साइबर फ्रॉड के लिए करता था इस्तेमाल; 55 शिकायतें दर्ज

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन FAST-2.0 के तहत कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से सिम कार्ड एक्टिवेट कर साइबर ठगों तक पहुंचाने वाले आरोपी धर्मेन्द्र को गिरफ्तार किया है।जांच में आरोपी से जुड़े 33 सिम कार्ड सामने आए हैं। इन सिम का इस्तेमाल देशभर में साइबर अपराधों में किए जाने की पुष्टि हुई है।
55 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज
आरोपी धर्मेन्द्र ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए 33 सिम कार्ड एक्टिवेट कराए थे। बाद में इन सिम कार्ड और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया गया। तकनीकी जांच के दौरान इन नंबरों का संबंध नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज 55 साइबर फ्रॉड शिकायतों से मिला है।
इंटरनेट बैंकिंग धोखाधड़ी भी की
जांच में सामने आया कि ये शिकायतें मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक समेत कई राज्यों से जुड़ी हैं। इनमें यूपीआई फ्रॉड, विशिंग कॉल और इंटरनेट बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामले शामिल हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी के केवाईसी दस्तावेज, सिम एक्टिवेशन प्रक्रिया और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस साइबर ठगी से जुड़े पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।