इंदौर में पेंशन रोकने पर अकाउंटेंट सस्पेंड: स्कॉलरशिप में देरी पर कर्मचारी पर कार्रवाई; कलेक्टर बोले- सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर तुरंत हो कार्रवाई

इंदौर। टीएल बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त एक्शन लिया। सीएम हेल्पलाइन पर पेंशन न मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने शिकायतकर्ता को बैठक में बुलाकर सीधी सुनवाई की।
मामला एक रिटायर्ड शिक्षिका के पेंशन और जीपीएफ भुगतान में देरी का था। शिक्षिका का निधन अगस्त 2025 में हो गया था, लेकिन उनके परिजन को अब तक पूरे स्वत्व नहीं मिले थे।
3 दिन की सैलरी काटने के निर्देश
इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अकाउंटेंट को सस्पेंड करने, संबंधित प्राचार्य को शो-कॉज नोटिस जारी करने और 3 दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को भी सभी लंबित पेंशन प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जांच में पाया गया कि शिक्षा विभाग के अकाउंटेंट ने प्रकरण भेजने में अनावश्यक देरी की थी ।
स्कॉलरशिप में देरी के कारण कर्मचारी सस्पेन्ड
इसी तरह ट्राइबल विभाग की स्कॉलरशिप में देरी और गलत जानकारी भरने पर भी एक कर्मचारी को सस्पेन्ड करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सीएम हेल्पलाइन की हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण जरूरी है। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।